द.चीन सागर: US की चीन को चेतावनी, विशेष गतिविधियों का विशेष परिणाम होगा
अमेरिका के रक्षा मंत्री एश कार्टर ने दक्षिण चीन सागर के विवादित द्वीप पर जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल तैनात करने समेत भड़काऊ गतिविधियों के खिलाफ चीन को चेतावनी दी है। कार्टर ने कहा, ‘’चीन को दक्षिण चीन सागर में सैन्यीकरण नहीं करना चाहिए। कुछ विशेष गतिविधियों का विशेष परिणाम होगा।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या परिणाम हो सकते है, उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना भी एशिया प्रशांत क्षेत्र में हथियारों की तैनाती बढ़ा रही है और क्षेत्र में अन्य देशों के साथ अभ्यास के लिए 2020 तक 425 मिलियन डॉलर खर्च करेगी।अमेरिका ने हाल ही के कुछ महीनों में दक्षिणी चीन सागर में कई नौवहन अभ्यास किए।

अमेरिकी नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि उनकी भविष्य में और अभ्यास करने की योजना है। कार्टर ने कहा कि पेंटागन की शक्तिशाली पनडुब्बी और समुद्र के अंदर ड्रोन के बेड़े को बढ़ाने के लिए वर्ष 2017 तक आठ अरब डॉलर से ज्यादा खर्च करने की योजना है। अमेरिकी रक्षा मंत्री ने रूस और चीन से इंटरनेट के इस्तेमाल की सीमा तय करने और साइबर खतरों, साइबर जासूसी और साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा बढ़ाने और आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का मुकाबला करने के लिए अगले पांच वर्षों में 35 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च करेंगे। कार्टर ने कहा, ‘’हम दूसरे देशों के साथ विवाद नहीं चाहते लेकिन उनके लक्ष्यों और गतिविधियों की तरफ आंख बंद भी नहीं कर सकते।’’ उन्होंने उपग्रह रोधी हथियार विकसित करने के चीन और रूस के प्रयासों पर भी चिंता जताई, जिससे अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा उपग्रह नष्ट हो सकते हैं।
Read more hindi news on Dailyhunt.